जम्मू-कश्मीर : सरकार ने 9,730 लोगों के खिलाफ दर्ज पत्थरबाजी के मामले वापस लेने को मंजूरी दी
जम्मू-कश्मीर : सरकार ने 9,730 लोगों के खिलाफ दर्ज पत्थरबाजी के मामले वापस लेने को मंजूरी दी
जम्मू-कश्मीर सरकार ने सुरक्षाबलों पर पत्थरबाजी करने वाले 9,730 लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की इजाजत दी है. द टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार शनिवार को मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने विधानसभा में एक प्रश्न के लिखित जवाब में यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ये मामले 2008 से 2017 के बीच दर्ज किए गए थे. उनके मुताबिक इन मामलों में 1,745 मामले ‘निश्चित शर्तों’ के अधीन हैं.
जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के मुताबिक सरकार ने 4,000 ऐसे लोगों को माफी देने का फैसला किया है जिन पर पथराव की मामूली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है. हालांकि, महबूबा मुफ्ती ने यह नहीं बताया कि पहली बार पथराव में शामिल कितने लोगों के के खिलाफ मामलों को वापस लिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि 2016 और 2017 में दर्ज पथराव के 3,773 मामलों में 11290 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 233 लोग नहीं पकड़े जा सके हैं.
जुलाई 2016 में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिद्दीन कमांडर बुरहान वानी के मारे जाने के बाद कश्मीर में बड़े पैमाने पर हिंसक प्रदर्शन हुए थे. इसमें 85 लोगों की मौत हो गई थी. इस दौरान सुरक्षाबलों के खिलाफ पत्थरबाजी की घटनाएं बढ़ गई थीं.

Post a Comment